दिल्ली के 1700 से अधिक निजी स्कूलों में सामान्य श्रेणी के बच्चों के नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले के लिए चार दिसंबर से शुरु हुई आवेदन की रेस का आज अंतिम जिन है। 27 दिसंबर तक आवेदन नहीं किया तो अभिभावक अपने बच्चे के दाखिले से चूक जाएंगे। स्कूलों का कहना है कि अंतिम दिन फॉर्म भरने से बचें।
शनिवार को आवेदन का अंतिम दिन है और स्कूलों में फॉर्म जमा कराने का समय अलग-अलग है। लिहाजा अभिभावकों को फॉर्म जमा कराने के लिए समय का ध्यान रखना होगा। अब भी कुछ अभिभावक हैं जिन्होंने गिने-चुने स्कूलों में ही आवेदन किया है। हालांकि कई स्कूल अंतिम दिन केवल भरे हुए फॉर्म को स्वीकार करेंगे, अभिभावक नया फॉर्म (ऑफलाइन) नहीं ले सकेंगे।
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय उन्हें प्राप्ति रसीद को संभाल कर रखना होगा। इसके बाद स्कूल अब अभिभावकों को बच्चों के दस्तावेज के सत्यापन के लिए बुलाना शुरू कर देंगे। स्कूलों में दाखिले के लिए पहली सूची 23 जनवरी को जारी होगी।
आवेदन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद स्कूल 9 जनवरी को आवेदन करने वाले बच्चों की सूची को वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। किस बच्चे को किस मानक के लिए कितने अंक मिले हैं इसकी सूची 16 जनवरी को जारी की जाएगी। जबकि दाखिले के लिए चयनित बच्चों की पहली सूची व प्रतीक्षा सूची 23 जनवरी को जारी की जाएगी।