मयूर विहार फेस 3 स्थित विद्या बाल भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नर्सरी दाखिले की पूरी तैयारी की गई है। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ सतवीर शर्मा ने अभिभावकों की सुविधा के लिए स्कूल में क्यूआर कोड लगाया गया है, जिसको स्कैन करके अभिभावक अपने मोबाइल से भी नर्सरी दाखिले के लिए फॉर्म भर सकते हैं। इसके साथ ही अभिभावकों के लिए एक हेल्प डेस्क बनाया गया है, जिसमें वह सवालों के जवाब पूछ सकते हैं। अगर कोई अभिभावक स्कूल देखना चाहेंगे तो स्कूल खत्म होने के बाद वह देख सकेंगे।
स्कूलों दाखिले में किसी प्रकार की मनमानी ना करें इसके लिए पहले ही शिक्षा निदेशालय की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। कोई भी स्कूल नर्सरी दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया बंद नहीं कर सकते हैं। आवेदन की रेस से पहले कई स्कूलों ने दाखिले संबंधी जानकारी स्कूल की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है।
नर्सरी दाखिले की ए, बी, सी, डी
दाखिले के लिए फॉर्म मिलने शुरु होंगे- 04 दिसंबर
फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि- 27 दिसंबर
आवेदन करने वालों की सूची- 09 जनवरी
सभी बच्चों की अंकों के साथ सूची- 16 जनवरी
पहली सूची (प्रतीक्षा सूची के साथ)- 23 जनवरी
सूची को लेकर अभिभावकों की समस्या का समाधान- 24 जनवरी से 3 फरवरी
दूसरी सूची (प्रतीक्षा सूची के साथ)- 09 फरवरी
सूची को लेकर अभिभावकों की समस्या का समाधान- 10-16 फरवरी
यदि अन्य कोई सूची जारी करनी हो- 05 मार्च
दाखिला प्रक्रिया समाप्त करने की तिथि- 19 मार्च
गाइडलाइंस के प्रमुख बिंदु
स्कूल फॉर्म के लिए केवल 25 रुपये वसूलेंगे।
स्कूल का प्रोस्पेक्टस खरीदना अनिवार्य नहीं है
स्कूल अभिभावकों से कैपिटेशन फीस या डोनेशन नहीं वसूल सकते।
नर्सरी(बालवाटिका-प्री स्कूल) के लिए आयु न्यूनतम तीन साल व अधिकतम चार वर्ष, केजी के लिए चार वर्ष से पांच वर्ष तक व पहली कक्षा के लिए पांच वर्ष से छ: वर्ष तक होना जरूरी है।
नर्सरी एडमिशन से पहले 400 से अधिक निजी स्कूलों ने नहीं अपलोड किए मानक
दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिले की प्रक्रिया बृहस्पतिवार (चार दिसंबर) से शुरू हो रही है, लेकिन अब भी 400 से अधिक स्कूलों ने अपने मानक अपलोड नहीं किए हैं। शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए 28 नवंबर तक का समय दिया था। अब तक 1756 में से 1318 स्कूल मानक अपलोड कर चुके हैं, जबकि 438 स्कूलों का इंतजार है। सबसे अधिक नॉर्थ ईस्ट-1 जिले के 194 में से 157 स्कूलों ने मानक अपलोड किए हैं और 37 ने अब तक नहीं किए हैं। वेस्ट बी जिले के 241 स्कूलों में से 87 स्कूलों के मानक अपलोड नहीं हुए हैं। साउथ वेस्ट बी-1 के 126 स्कूलों में 10 स्कूलों के मानक अभी भी उपलब्ध नहीं हैं। मानक अपलोड न होने से अभिभावकों को सुगमता से आवेदन करने में परेशानी हो रही है। शिक्षा निदेशालय ने निर्देश दिया है कि जो निजी अनएडेड मान्यता प्राप्त स्कूल 5 दिसंबर तक मानक अपलोड नहीं करेंगे, उनकी दाखिला प्रक्रिया रोक दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: Delhi Protest: ‘सांस बचाओ...’ साफ हवा की लड़ाई में उतरे Gen Z; जंतर-मंतर पर NSUI समेत कई छात्र संगठन हुए शामिल