उत्तर रेलवे ने दावा किया है कि त्योहारों के सीजन में यात्रियों के लिए नियमित ट्रेनों में सीटें खाली हैं। रेलवे का कहना है कि त्योहारों की भीड़ के बावजूद उनकी नियमित ट्रेन सेवाओं जिनमें वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस और मेल/एक्सप्रेस जैसी प्रतिष्ठित गाड़ियाें में अभी भी बड़ी संख्या में सीटें उपलब्ध हैं।
यात्री अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं। उत्तर रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार निजामुद्दीन–रानी कमलापति वंदे भारत (20172) में 1 अक्तूबर से चेयर कार की 191 सीटें उपलब्ध हैं। निजामुद्दीन–भोपाल शताब्दी (12002) में 200 सीटें 1 अक्तूबर से उपलब्ध हैं। नई दिल्ली–बनारस वंदे भारत (22436) में 306 सीटें 4 अक्तूबर से और दूसरी वंदे भारत (22416) में 654 सीटें 3 अक्तूबर से खाली हैं। नई दिल्ली–कानपुर शताब्दी (12034) में 234 सीटें 1 अक्तूबर से उपलब्ध हैं। नई दिल्ली–लखनऊ शताब्दी (12004) में 318 सीटें 3 अक्तूबर से खाली हैं। अमृतसर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत (26405) में 168 सीटें 1 अक्तूबर से उपलब्ध हैं।
नई दिल्ली–अंब अंदौरा (22447) में 422 सीटें 3 अक्तूबर से खाली हैं। निजामुद्दीन–खजुराहो (22470) में 299 सीटें 1 अक्तूबर से उपलब्ध हैं। वहीं नई दिल्ली–अजमेर शताब्दी (12015) में 337 सीटें 4 अक्तूबर से खाली हैं।
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि भीड़ से बचने के लिए केवल स्पेशल ट्रेनों पर ही निर्भर न रहें, बल्कि नियमित ट्रेनों में उपलब्ध सीटों का भी लाभ उठाएं। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल एप और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।
त्योहारों में चलेगी चरलापल्ली-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन
उत्तर रेलवे की ओर से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके तहत चरलापल्ली से हजरत निजामुद्दीन के बीच द्वि-साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 07095 चरलापल्ली–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 7 और 16 अक्तूबर को चरलापल्ली से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
इसके अलावा वापसी में ट्रेन संख्या 07096 हजरत निजामुद्दीन–चरलापल्ली स्पेशल 8 और 17 अक्तूबर को हजरत निजामुद्दीन से शाम 7 बजे चलेगी और तीसरे दिन सुबह 4 बजे चरलापल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव जंगांव, काजीपेट जंक्शन, पेड्डापल्ली, मनछेरल, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, चंद्रपुर, सेवाग्राम, नागपुर जंक्शन, आमला जंक्शन, इटारसी जंक्शन, भोपाल जंक्शन, बीना जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर होगा।
स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित कोच, शयनयान और साधारण डिब्बे लगाए जाएंगे ताकि यात्रियों को त्योहार के समय आरामदायक यात्रा कर सके। रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के मौसम में यात्रियों की मांग को देखते हुए और भी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है।