मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने वाले सहेली पिंक कार्ड को लेकर फैल रही अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को उन्होंने स्पष्ट किया कि पिंक कार्ड के दोबारा इस्तेमाल पर किसी तरह की कोई समय सीमा नहीं है। एक बार कार्ड टैप करने के बाद एक घंटे के इंतजार के दावे को मुख्यमंत्री ने पूरी तरह से झूठ और राजनीतिक दुष्प्रचार करार दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, यह अफवाह फैलाई जा रही है कि यदि आप एक बस में अपना पिंक कार्ड टैप करते हैं और फिर उतरकर दूसरी बस में चढ़ते हैं, तो वह कार्ड काम नहीं करता। ये पूरी तरह से गलत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं महज 5, 10 या 15 मिनट के अंतराल पर भी दोबारा कार्ड का इस्तेमाल कर सकती हैं और दिन भर में जितनी बार चाहें, मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकती हैं।
इसी महीने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड लॉन्च किया था। भाजपा सरकार ने 2019 से चल रहे पुराने गुलाबी पेपर टिकट सिस्टम को बदलकर केंद्र सरकार की वन नेशन, वन कार्ड पहल के तहत स्मार्ट पिंक कार्ड पेश किया है।
यह कार्ड दिल्ली की महिला और ट्रांसजेंडर निवासियों के लिए बसों में मुफ्त यात्रा सुनिश्चित करता है, साथ ही मेट्रो और आरआरटीएस जैसी सेवाओं में सशुल्क एक्सेस के लिए भी उपयोगी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक एक लाख से अधिक सहेली पिंक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह सुविधा पूरी तरह से उसी तंत्र पर आधारित है जो पहले पेपर टिकट के लिए उपलब्ध था, बस अब इसे तकनीक के जरिये और अधिक पारदर्शी और सुगम बना दिया गया है।
भाजपा का आप पर भ्रम फैलाने का आरोप
डीटीसी की बसों में महिलाओं के लिए लागू पिंक कार्ड को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और पार्टी की महामंत्री व सांसद कमलजीत सहरावत ने आम आदमी पार्टी पर पिंक कार्ड को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।
दोनों भाजपा नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि कुछ वीडियो के जरिये पिंक कार्ड के एक घंटे तक दोबारा इस्तेमाल नहीं करने की भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने इसे दुष्प्रचार बताते हुए खारिज किया है। उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने खुद बसों में यात्रा कर इस दावे को झूठा बताया है। भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह के भ्रम में न आएं।