सड़कों और गलियों में होने वाली पार्किंग
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
क्या आप अपनी कार अपने घर के आस-पास सड़क किनारे खड़ी करते हैं? अगर आपका जवाब हां है तो आप दिल्ली सरकार को भारी भरकम टैक्स अदा करने के लिए तैयार हो जाइए। इसका कारण है कि दिल्ली सरकार सड़क किनारे होने वाली पार्किंग को लेकर एक नई नीति का प्रस्ताव रखने वाली है।
सिर्फ यही नहीं दिल्ली के लिए बनाई गई पार्किंग नीति में दिन के समय और पीक आवर्स में की गई पार्किंग में ज्यादा फीस वसूलने का भी प्रस्ताव है। इस नियम के तहत वीकडेज और वीकएंड्स में भी पार्किंग फीस में अंतर होगा।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने इस नीति के लिए मंजूरी दे दी है। अब इस नीति को एक महीने तक पब्लिक और अन्य भागीदारों के विचारों के लिए खुला रखा जाएगा।
लगभग 2 करोड़ लोगों की जनसंख्या वाली दिल्ली में करीब 1 करोड़ से ज्यादा वाहन हैं जो रिकॉर्ड प्रदूषण फैला रहे हैं। इनमें से करीब साढ़े नौ लाख वाहन निजी है और अधिकतर सड़क के किनारे खड़े होते हैं। जिनकी वजह से दिल्ली में बहुत ट्रैफिक जाम भी लगता है। अपनी नई नीति में सरकार ने इन वाहनों पर भी कार्रवाई करने का प्रस्ताव रखा है।