दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा और यूपी में चल रही तेज हवा शुक्रवार के बाद शनिवार को भी 10-20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जारी रहेगी। इसके बावजूद अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री तक चढ़ेगा।
फिर 27 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और 28 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं 28 फरवरी से 5 मार्च के बीच बर्फ पड़ेगी। वहीं दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में बिजली चमकने के साथ-साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी के अंतिम दिन आने वाले इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण जहां दो दिन तापमान तेजी से चढ़ेगा, वहीं मार्च के पहले सप्ताह में तापमान फिर नीचे गिरेगा। फरवरी के अंतिम दिन दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं पड़ी बर्फ के बाद मैदानी इलाकों में पहुंच रही ठंडी व चुभन वाली तेज हवा के कारण अधिकतम तापमान ज्यादातर जगह सामान्य के आसपास ही रहा।
जम्मू-कश्मीर और यूपी में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 12.4 डिग्री और नोएडा में सबसे ऊपर 16.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली के आयानगर, जाफरपुर, मंगेशपुर और नरेला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।