दिल्ली के कई इलाकों में बारिश (फाईल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
दिल्ली में रविवार को मौसम ने करवट बदली है। लगातार दूसरे दिन रविवार दोपहर कई इलाकों में हल्की बारिश ने लोगों को राहत दी। दिल्ली व आसपास के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सफदरजंग, द्वारका और बहादुरगढ़ क्षेत्रों में आज शाम 4:15 बजे तक हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
मालूम हो कि शनिवार को मौसम विभाग ने कहा था कि दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर तेज बारिश होने के आसार हैं। रविवार से अगले चार दिनों के बीच मौसमी दशाओं में बदलाव से औसत से तेज बारिश होने के अनुमान जताए गए हैं।
इससे दिल्लीवालों को उमस भरी गरमी से राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग के दिल्ली रीजन के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि मानसून उत्तर दिशा की ओर शिफ्ट हो रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में इसका असर रविवार से बुधवार के बीच होगा। इस दौरान अरब सागर से आने वाली दक्षिणी पश्चिमी हवाएं और बंगाल की खाड़ी से चलने वाली पुरवा हवाएं दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहेंगी। इसी बीच मध्य प्रदेश व उसके सीमावर्ती इलाके में चक्रवाती हवाएं चलेंगी।
कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, इन सब मौसमी दशाओं का मिला जुला असर दिल्ली-एनसीआर में बारिश के तौर पर होगा। बुधवार तक औसत से भारी बारिश होने का अनुमान है। दूसरी तरफ हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है।