दिल्ली-एनसीआर में चल रहीं धूल भरी हवाएं
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह छाए बादल और फिर कुछ इलाकों में हुई बारिश के बाद शाम होते-होते तेज धूलभरी हवाएं चलने लगी हैं। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह गाजियाबाद के कुछ इलाकों में अचान से तेज बारिश शुरू हो गई थी। हालांकि कुछ ही समय बाद तेज धूप भी खिल गई थी जिससे पूरे उम और गर्मी का माहौल रहा।
मौसम बदलने से दिल्ली-एनसीआर के पारे में कुछ गिरावट जरूर है लेकिन उमस ज्यादा होने से लोग अब भी परेशान हैं। देश के कई हिस्सों में हो रही मानसून की बारिश का इंतजार दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी है।
हालांकि जिन इलाकों मेें बादल नहीं छाए हैं, वहां सुबह से ही गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है। आगामी 25 जून को हल्की बारिश से लोगों को राहत मिल सकती है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालात यह रहे कि सुबह सात बजे से ही धूप की तेज चुभन होना शुरू हो गई थी और 10 बजे तक सूरज कड़े तेवर में था। दिन भर तेज धूप खिलने की वजह से लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 77 फीसदी और न्यूनतम 31 फीसदी दर्ज किया गया। नमी का अधिक स्तर होने की वजह से सुबह से लेकर शाम तक चिपचिपी गर्मी का एहसास भी बना रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर को राहत के ज्यादा आसार नहीं हैं। दिन भर धूप खिले रहने की वजह से अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।
एक दिन पहले ही मौसम विभाग ने मानसून में सात दिन और देरी होने का अनुमान जताया है। इसकी वजह पश्चिमी दिशा से लगातार आने वाली हवाओं को बताया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में जून के अंत तक मानसून की दस्तक हो सकती है। इससे पहले विभाग ने 15 जून तक मानसून के दस्तक देने का अनुमान जताया था।