प्रदूषकों के लिए अलग तकनीक
सीपीसीबी के निगरानी केंद्रों पर हवा में मौजूद अलग-अलग प्रदूषकों की मात्रा मापने के लिए अलग-अलग वैज्ञानिक उपकरण और तकनीक इस्तेमाल की जाती हैं। इनमें पीएम 2.5, पीएम 10 बीटा रे अटेन्यूएशन तकनीक से मापा जाता है। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के लिए केमिल्यूमिनसेंस, सल्फर डाइऑक्साइड के लिए यूवी फ्लोरेसेंस तकनीक अपनाई जाती है। इसी तरह कार्बन मोनोऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक को मापने के अलग वैज्ञानिक तरीके हैं। इनकी माप के आधार पर निर्धारित भारतीय मानकों के अनुसार एक्यूआई की गणना की जाती है। वहीं, कई निजी एजेंसियां सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इन सेंसरों से हवा में मौजूद कणों की सांद्रता का अनुमान लगाया जाता है। इनकी रीडिंग और गणना का तरीका सरकारी निगरानी केंद्रों से अलग होता है। इसमें सेंसर की गुणवत्ता, कैलिब्रेशन, तापमान, नमी, हवा की गति समेत नजदीकी की परिस्थितियां भी रीडिंग को प्रभावित करती हैं।
निजी एजेंसियां वायु प्रदूषण मापने के लिए सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इसमें पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर का पता लगाने के लिए ऑप्टिकल पार्टिकल सेंसर लगाए जाते हैं, जबकि गैसीय प्रदूषकों की निगरानी के लिए इलेक्ट्रोकेमिकल और मेटल ऑक्साइड सेमीकंडक्टर सेंसर का उपयोग होता है। दिल्ली जैसे शहरों में इस तकनीक की अपनी सीमाएं हैं। यहां मौसम में तेजी से बदलाव, खासकर हवा में नमी और तापमान के उतार-चढ़ाव का असर सेंसर की रीडिंग पर पड़ता है। ऐसे में आंकड़ों में बड़ा अंतर आ सकता है। इसके विपरीत, सीपीसीबी की निर्धारित मापन प्रक्रिया और मानकीकृत पैमाना तुलनात्मक रूप से अधिक स्थिर और विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराते हैं। -प्रो. मुकेश खरे, सिविल इंजीनियरिंग विभाग, आईआईटी दिल्ली