हवा की गति बढ़ने की वजह से रविवार को सुधरी दिल्ली एनसीआर की हवा ने सोमवार को एक बार फिर गंभीर श्रेणी का दामन थाम लिया। एनसीआर में शामिल नोएडा और गाजियाबाद की हवा तीसरे दिन भी जहां गंभीर श्रेणी में बनी रही वहीं, ग्रेटर नोएडा की हवा भी गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के साथ गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। इससे 1 दिन पहले यह आंकड़ा 389 रहा था। वहीं, शनिवार को यह 404, शुक्रवार को 348, बुधवार को 373, मंगलवार को 367 और पिछले सोमवार को 318 रहा था।
सफर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की कुल 239 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे उत्पन्न होने वाले पीएम 2.5 की प्रदूषण में 5 फीसदी हिस्सेदारी रही, जबकि पिछले कुछ दिनों से लगातार पराली जलाने के बाद भी प्रदूषण में इसकी न के बराबर हिस्सेदारी दर्ज की जा रही थी। प्रदूषण के लिए जिम्मेदार तत्वों पीएम 10 और पीएम 2.5 के स्तर में भी इजाफा हुआ है। इस कड़ी में पीएम 10 का स्तर 378 और पीएम 2.5 का स्तर 219 रहा है। इससे एक दिन पहले पीएम 10 का स्तर 332 और पीएम 2.5 का स्तर 201 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था।
प्रदूषण की वजह से सोमवार सुबह से ही फॉग छाया रहा था और दक्षता का स्तर कम रहा था। यही वजह रही कि अल सुबह लोगों को दृश्यता कम होने की वजह से गाड़ियों की हेड लाइट जलाकर रोड पर निकलना पड़ा। वहीं, दिन भर भी आसमान में स्मॉग छाया रहा।
सफर के अनुसार, मौसमी परिस्थिति में हुए बदलाव की वजह से इन दिनों प्रदूषण बढ़ रहा है। इसका सीधे तौर पर प्रभाव इंडो गंगेटिक प्लेन की वजह से देखने को मिल रहा है। जमीन के गर्म होने की वजह से वाष्प बनकर पानी प्रदूषण के तत्वों मिल रहा है, जिससे स्मॉग बढ़ रहा है। हालांकि, आगामी 2 दिनों के भीतर प्रदूषण का स्तर बहुत खराब श्रेणी के मध्यम स्तर पर बने रहने की संभावना है।
एनसीआर में शामिल ग्रेटर नोएडा ने थामा गाजियाबाद का साथ
एनसीआर के शहरों में शामिल ग्रेटर नोएडा ने सोमवार को गंभीर श्रेणी की हवा के साथ नोएडा और गाजियाबाद का साथ थाम लिया। 422 के वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ ग्रेटर नोएडा की हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली- एनसीआर के आंकड़े
नोएडा 422
ग्रेटर नोएडा 422
गाजियाबाद 438
फरीदाबाद 388
गुरुग्राम 357