नरेला औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह पेपर प्लेट बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दो मंजिला फैक्टरी से धुएं का गुबार दिखने लगा। आग लगते ही भीतर मौजूद लोग बाहर निकल आए। सूचना पर आसपास के फायर स्टेशनों से 33 दमकल मौके पर पहुंचीं और करीब 6.5 घंटे मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया। कुलिंग के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और पीछे का कुछ हिस्सा गिर गया। धमाके में तीन दमकल कर्मी झुलस गए, जबकि लीडिंग फायरमैन के पैर में चोट लगी है। गंगाराम अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद सभी को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
नरेला औद्योगिक क्षेत्र के एच ब्लॉक स्थित फैक्टरी में पेपर प्लेट बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान रखे थे। शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे लोगों ने पहली मंजिल से धुआं निकलता देख शोर मचाया। उस समय फैक्टरी में एक-दो लोग ही मौजूद थे। शोर होने पर वे बाहर निकल गए और सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। इस दौरान आग ने पूरी फैक्टरी को आगोश में ले लिया। आग भूतल से लेकर दूसरी मंजिल तक फैल गई और दूर से ही धुएं का गुबार दिखने लगा।
सूचना मिलते ही आसपास के फायर स्टेशनों से करीब एक दर्जन दमकल मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए इसे मध्यम दर्जे का घोषित कर कुल 33 गाड़ियों को बुला लिया गया। दमकल अधिकारियों ने हाइड्रोलिक क्रेेन भी मंगाई। दमकल अधिकारियों ने बिजली कनेक्शन कटवाने के बाद आसपास की फैक्टरियों को खाली करा लिया। आग पहली मंजिल से शुरू हुई थी, इसलिए दमकल कर्मी हाइड्रोलिक क्रेन के जरिये पहली मंजिल पर पानी मारकर आग बुझाने में जुट गए। करीब साढ़े छह घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने कुलिंग का काम शुरू किया। इसी दौरान अचानक पहली मंजिल पर धमाका हो गया। इससे तीन दमकल कर्मी विजेंद्र, मंजीत और प्रवीण झुलस गए, जबकि लीडिंग फायरमैन ब्रह्म के पैर में चोट लगी। चारों को तुरंत गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। ब्रह्म को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुरुआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।
पीतमपुरा के शोरूम में लगी भीषण आग, सामान जला
पीतमपुरा इलाके के शिव बाजार स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे आग लग गई। बगल में स्थित सेनेटरी फिटिंग के शोरूम में भी आग फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की 16 गाड़ियां पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। आग में कोई हताहत नहीं हुआ। रात करीब 11 बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।