350 रुपये के लिए हत्या की
वेलकम इलाके में मंगलवार रात महज 350 रुपये लूटने के लिए 16 साल के किशोर ने 17 साल के किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्याकांड का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। लूट का विरोध करने पर आरोपी ने पहले गला दबाया, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ किशोर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। बुधवार को काफी प्रयासों के बाद मृतक की शिनाख्त जाफराबाद निवासी यूसुफ (17) के रूप में हुई थी।
आरोपी ने विरोध करने पर गला दबा दिया
बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों के हवाले कर दिया। छानबीन के बाद मंगलवार रात को ही पुलिस ने आरोपी किशोर को दबोच लिया था। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, यूसुफ परिवार के साथ गली नंबर-27, जाफराबाद में रहता था। परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। यूसुफ भाई के साथ वेलकम में कपड़ों पर कढ़ाई का काम करता था। मंगलवार रात को वह किसी काम से जाने की बात कहकर घर से निकला था। इस बीच वह गली नंबर-18, ईदगाह रोड, वेलकम पहुंचा था। यहां नशे में धुत आरोपी ने यूसुफ को घेर लिया था। आरोपी जबरन उसकी जेब में रखे 350 रुपये निकालने लगा था। विरोध करने पर आरोपी ने गला दबा दिया। जैसे ही यूसुफ नीचे गिरा तो आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे।
आरोपी का जीजा वेलकम थाने का है घोषित बदमाश
नाबालिग आरोपी अपने जीजा से काफी प्रभावित है। जीजा वेलकम थाने का घोषित बदमाश है। उसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। नाबालिग को शराब के अलावा दूसरे नशों की लत है। नशे की लत पूरी करने के लिए वह इलाके के लोगों से अक्सर पैसे छीन लेता है। विरोध करने पर आरोपी चाकू मारने से भी गुरेज नहीं करता था। स्थानीय लोग आरोपी के मिजाज से अच्छी तरह वाकिफ हैं। रुपये मांगने के दौरान लोग जल्द से उसे मना भी नहीं करते। मंगलवार को आरोपी बुरी तरह नशे में धुत था। यूसुफ किसी काम से वहां पहुंचा तो आरोपी ने लूट का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी।
हत्यारोपी जरूरत से ज्यादा गुस्से वाला
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। परिवार में मां के अलावा दो बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। वेलकम में आरोपी के परिवार के एक करीबी ने बताया कि नाबालिग जरूरत से ज्यादा गुस्से वाला है। छोटी-छोटी बातों पर लड़ने के लिए तैयार रहता है। मां और बहन भी उसके गुस्से से परेशान हैं। आरोपी हमेशा ही अपने पास कोई न कोई हथियार रखता है। हत्या के बाद उससे बरामद चाकू मीट काटने में इस्तेमाल किया जाता था।