पूर्वी दिल्ली के सांसद ने अपने फंड से विकास करने का खाका तैयार किया है। सांसद महेश गिरी ने इस फंड के इस्तेमाल के लिए पूर्वी दिल्ली एमसीडी को एक विस्तृत योजना का प्रारूप भी तैयार करके दिया है। जिसमें क्षेत्रवासियों को स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने को प्रेरित करने के लिए ओपन एयर जिम के निर्माण की सिफारिश की है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे पर खर्च करने का प्रस्ताव रखा है।
सांसद महेश गिरी ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार इलाके में सबसे पहला ओपन जिम तैयार किया जाएगा। अपने निर्वाचन क्षेत्र में सांसद विकास निधि से ऐसे 40 ओपन एयर जिम का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आनंद विहार व निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ साफ-सफाई के लिए कचरे के डिब्बों की संख्या बढ़ाने के लिए इस फंड का इस्तेमाल होगा।
टर्मिनलों के सुधार के लिए निर्धारित कोष रखा जाएगा। खुले में शौच की असुविधा का समाधान करने के लिए सरकारी स्कूलों और पटपड़गंज विधानसभा के सार्वजनिक स्थानों पर शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
वन एमपी-वन आइडिया (एक सांसद-एक विचार) के तहत क्षेत्र के लोगों में से चुनिंदा विचार देने वालों को नकद इनाम दिया जाएगा। इसके तहत विकास निधि में से 1.40 लाख रुपये दिए जाएंगे।