दिल्ली की लाइफ लाइन बन चुकी मेट्रो में बीते कुछ समय से लगातार आ रही खामियां यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। मगर दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने रफ्तार में बाधा बन रहे सभी तकनीकी खामियों को चिह्नित कर उसे दूर करने का काम शुरू कर दिया है। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने मेट्रो परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद उन कमियों को दूर करने का निर्देश दिया है।
परिचालन के दौरान मेट्रो में आ रही ब्रेकडाउन के लिए प्रबंधन ने अलग-अलग कारणों को चिह्नित किया है। इसमें पाया गया कि ट्रेन के भीतर स्थित ऑन-बोर्ड स्वचालित ट्रेन कंट्रोल (एटीसी) पावर कार्ड फेल हो जाने के कारण रुकावट आई। मेट्रो इस मॉड्यूल को पहचान कर इन्हें बदलेगा। एटीसी से मेट्रो ट्रेन की गति नियंत्रण की जाती है। इसके अलावा सेंट्रल एटीसी में खराबी के चलते कई बार ट्रेनों की आईडी नष्ट हो जाती है। इससे ट्रैक पर ट्रेन की पहचान मुश्किल हो जाती है।
ट्रेनों में लगे एक्सल काउंटर से एक निश्चित स्थान से ट्रेन के प्रवेश और निकासी पता लगाया जाता है। इससे यह तय करते है कि अगली ट्रेन आने के लिए यह सेक्शन उचित है या नहीं। इसे ब्लू लाइन पर द्वारका, द्वारका सेक्टर 21, यमुना बैंक, नोएडा सिटी सेंटर और वैशाली में लगाया जाएगा। कुछ ट्रेनों में लगे ट्रेन इंटरफेस कंप्यूटर (टीआईसी) कॉड में भी खराबी आई है। अगले छह माह में इसे भी बदला जाएगा।