मेट्रो स्टेशन से अब बाहर आने के बाद आपको घर जाने के लिए सड़क पर जाकर वाहनों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। दिल्ली मेट्रो स्टेशनों से लास्ट माइल कनेक्टविटी के लिए ई-रिक्शा चला रही है।
सोमवार को इसकी शुरुआत एनसीआर के गाजियाबाद में आने वाले वैशाली मेट्रो स्टेशन से पांच ई-रिक्शा के साथ की गई है। डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह ने मेट्रो भवन में आयोजित कार्यक्रम में इसे हरी झंडी दिखाई। हालांकि इस सुविधा के लिए यात्रियों को ई-रिक्शा का न्यूनतम दस रुपये किराया चुकाना होगा।
इस मौके पर मंगू सिंह ने कहा कि मेट्रो प्रदूषण रहित सफर कराती है। उसकी कोशिश होती है कि उसका हर कदम उसी दिशा में बढ़े, इसलिए मेट्रो ने पर्यावरण दिवस पर वैशाली से इसकी शुरुआत की है।