स्वच्छ भारत अभियान के चलते केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों के गेट बृहस्पतिवार सुबह सवा दो घंटे आने और जाने के लिए बंद रहेंगे।
हालांकि इस दौरान ट्रेनें सामान्य रूप से गुजरती रहेंगी, लेकिन यात्री केंद्रीय सचिवालय इंटरचेंज में फरीदाबाद की वायलेट लाइन से नहीं जुड़ सकेंगे। इधर, तैयारियों के चलते बुधवार को उक्त स्टेशनों के दो गेट यात्रियों के आने-जाने के लिए बंद रहे।
पढ़ें: नोएडा-ग्रेनो में NMRC बिछाएगा मेट्रो का जाल
दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कम्यूनिकेशन अनुज दयाल के मुताबिक, महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छ भारत अभियान के चलते वीवीआईपी काफिला गुजरने, सुरक्षा व्यवस्था व सड़कों पर सफाई अभियान के चलते जहांगीरपुरी से हुडा सिटी सेंटर के बीच यलो लाइन और फरीदाबाद से मंडी हाउस के बीच चलने वाली वायलेट लाइन के यात्रियों को थोड़ी असुविधा होगी।
सुबह 7.15 बजे से केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन के गेट यात्रियों के आने के लिए बंद होंगे, लेकिन यहां से यात्री बाहर निकल सकेंगे। वहीं 7:45 से 10:00 के बीच गेट आने और जाने के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे।
ट्रेन का संचालन सामान्य रूप से चलता रहेगा, लेकिन दोनों स्टेशन पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी। इस दौरान यात्री आगे जाने के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन में मेट्रो नहीं बदल सकेंगे।