नई दिल्ली। मध्य दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण दिल्ली मेट्रो की यात्री संख्या प्रभावित हुई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, 20 से 24 जुलाई के बीच कामकाजी दिनों में मेट्रो में औसतन 2.67 लाख यात्रियों ने कम सफर किया।
डीएमआरसी के आंकड़ों के मुताबिक, एक से 19 जुलाई के बीच औसत दैनिक यात्री संख्या 65.93 लाख थी। यह 20 से 24 जुलाई के दौरान घटकर 63.26 लाख रह गई। इस अवधि में करीब 4.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली पुलिस के निर्देश पर 20 से 24 जुलाई के बीच 18 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद किए गए थे। कुछ स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रही। डीएमआरसी अधिकारियों ने कहा कि पूरे नेटवर्क के लिए यह गिरावट बहुत बड़ी नहीं है। सप्ताहांत और छुट्टियों में भी ऐसी ही उतार-चढ़ाव सामान्य है। ब्यूरो