मेट्रो की पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार कॉरिडोर) का त्रिलोकपुरी-शिव विहार सेक्शन खुलने से एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट गांधी नगर से दिल्ली का पूरा पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम जुड़ जाएगा।
खास बात यह है कि दिल्ली के सभी अंतरराज्यीय बस अड्डे और रेलवे स्टेशनों से गांधी नगर पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे बाहर के कपड़ा कारोबारियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।
फिलहाल गांधी नगर से मेट्रो के जरिये कश्मीरी गेट और राजीव चौक के रास्ते आनंद विहार पहुंचने में 45 मिनट लगते हैं, लेकिन त्रिलोकपुरी-शिव विहार सेक्शन के शुरू होने से कारोबारी महज 15-20 मिनट में आंनद विहार पहुंच सकेंगे।
वहीं, इस लाइन का लाजपत नगर-मयूर विहार पॉकेट-1 सेक्शन खुलने से गांधी नगर मार्केट हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खां आईएसबीटी से भी जुड़ जाएगा। वर्तमान में हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से गांधी नगर आने के लिए मेट्रो सुविधा नहीं है।