दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) के आजादपुर मेट्रो स्टेशन में सोमवार को बंदर घुस गया। जिसे देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। पता लगने पर सीआईएसएफ और दिल्ली मेट्रो के स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद बंदर को स्टेशन से बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इस बीच बंदर ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
पिंक लाइन का आजादपुर मेट्रो स्टेशन भूमिगत है और आजादपुर में पिंक लाइन का येलो लाइन पर इंटरचेंज है। यहां येलो लाइन का मेट्रो स्टेशन ऊपरी है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक बंदर पिंक लाइन के भूमिगत मेट्रो स्टेशन में घुस गया। इसके बाद बंदर मेट्रो के कोच में भी घुस गया। बंदर ने एक कोच से दूसरे कोच में जमकर यात्रियों को परेशान किया। बंदर ने काफी देर तक उछल-कूद की। कुछ यात्रियों ने उसे बाहर भगाने की कोशिश भी की, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा।
यात्री इसलिए भी परेशान थे कि कहीं बंदर मेट्रो ट्रैक पर न उतर जाए। इस घटना का किसी यात्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। इसके बाद यह वीडियो कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। वीडियो में दिखा कि बंदर एस्केलेटर की हैंडरेल पर बैठकर नीचे से ऊपर की ओर जा रहा है।
घटना के बारे में पता लगने पर सीआईएसएफ और दिल्ली मेट्रो कर्मचारी बंदर को भगाने मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बंदर को घेरकर स्टेशन से बाहर निकाला गया। इस बीच स्टाफ ने यह सावधानी भी बरती कि बंदर भागकर मेट्रो ट्रैक पर न पहुंच जाए। डीएमआरसी का कहना है कि बंदर के स्टेशन में घुसने से यात्री कुछ देर परेशान हुए, लेकिन इस बीच किसी को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। आजादपुर सब्जी मंडी में बंदरों का जमावड़ा रहता है, शायद वहीं से बंदर स्टेशन के अंदर घुस गया।