दिल्ली मेट्रो की हेरिटेज लाइन को रविवार को पब्लिक के लिए खोल दिया गया। मेट्रो भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, चांदनी चौक के स्थानीय सांसद और केंद्र में मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने इसे हरी झंडी दिखाई। जनता के लिए पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे कश्मीरी गेट से चली।
इस मौके पर वेंकैया नायडू ने कहा कि यह एक बड़ी उपलब्धि है। शहरों में बढ़ते जाम को देखते हुए अब हमे प्राइवेट ट्रांसपोर्ट से पब्लिक ट्रांसपोर्ट की तरफ लौटना पड़ेगा।
वेंकैया नायडू ने कहा कि मेट्रो ने दिल्ली के हार्ट (पुरानी दिल्ली) तक वर्ल्ड क्लास मेट्रो की कनेक्टविटी दी है। यह पुरानी दिल्ली के जिस क्षेत्र से गुजर रही है वह पारंपरिक संस्कृति के लिहाज से बेहद धनी क्षेत्र है। इससे हमे उसे सहेजने और पर्यटकों को रूबरू कराने में आसानी होगी। लोग आसानी से वहां तक पहुंच सकते है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब जाम की समस्या बढ़ रही है तब हमे मेट्रो राहत देती है। टाइम बाउंड सर्विस देती है। मैं खुद एयरपोर्ट जाने और आने के लिए मेट्रो का प्रयोग करता हूं।
वेंकैया नायडू ने कहा कि अब हमें शहरों को बेहतर बनाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट की तरफ लौटना होगा। शहरों में मल्टी मोड ट्रांसपोर्ट सिस्टम लाना होगा। हम इसपर काम भी कर रहे है। दिल्ली के द्वारका में एक साइकलिंग ट्रैक पर काम भी हो रहा है, जिससे बिना रोक टोक लोग साइकिल से चल सके।
उन्होंने शहरों के अंदर साइकलिंग हाइवे की भी वकालत की जिससे लंबी दूरी भी लोग साइकिल से तय कर सके। मगर उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं है। जनता को भी इसके लिए आगे आना होगा। उन्हें शौकिया स्टेट्स के लिए निजी कारें खरीदना बंद करना पड़ेगा।
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली मेट्रो सिर्फ दिल्लीवालों के लिए नहीं देश के लिए गर्व करने वाली बात है। दिल्ली मेट्रो की ओर से सिर्फ देश के दूसरे राज्य नहीं दूसरे देश भी देख रहे है। डीएमआरसी दूसरे देशों के कई शहरों को मेट्रो निर्माण के लिए मदद भी मुहैया करा रहा है। यह पूरी तरह से प्रदूषण रहित सफर का आनंद देता है। उन्होंने कहा कि हेरिटेज लाइन के चालू होने से पर्यटकों को काफी मदद मिलेगी। पुरानी दिल्ली की घनी आबादी वाले इलाकों को राहत मिलेगी।