हाल ही किराए में वृद्धि करने वाले दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी)ने स्वतंत्रता दिवस पर मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को किराए में छूट का तोहफा दिया है, हालांकि पार्किंग बंद रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
डीएमआरसी पहली बार राष्ट्रीय अवकाश पर मेट्रो के मौजूदा किराये में अलग-अलग कैटिगरी में अधिकतम 50 फीसदी तक की छूट देगा। इस छूट का फायदा उठाने के लिए अगर आप मेट्रो स्टेशन पर अपने वाहन को पार्क कर मेट्रो राइड लेने की सोच रहे हैं तो यह जान लीजिए 15 अगस्त के चलते एक दिन पहले से मेट्रो की पार्किंग बंद रहेगी।
बीते आठ साल बाद मेट्रो के किराये में गत 10 मई से किराया बढ़ाया गया है। किराया तय करने वाली कमेटी ने राष्ट्रीय अवकाशों 26 जनवरी, 15 अगस्त और 2 अक्टूबर को मेट्रो किराये में छूट का प्रावधान रखा था।
स्मार्ट कार्ड धारकों को दोहरा फायदा
मेट्रो बोर्ड नेे इसे मान लिया था। इस 15 अगस्त को पहली बार मेट्रो के यात्रियों को यह लाभ मिलेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा 5 से 12 किलोमीटर का सफर करने वाले यात्रियों को मिलेगा। वर्तमान में वह इस दूरी के लिए 20 रुपये किराया देते हैं, मगर 15 अगस्त को इसी दूरी के लिए 10 रुपये ही देने पड़ेंगे। यानि सीधे 50 फीसदी की छूट।
इस तरह 0 से लेकर 12 किलोमीटर तक के सफर करने वालों को महज 10 रुपये किराया देना होगा, जबकि सामान्य दिनों में 2 किलोमीटर तक के लिए 10 रुपये 2 से 5 किलोमीटर के लिए 15 और 5 से 12 किलोमीटर वाले को 20 रुपये देना होता था।
स्मार्ट कॉर्ड से सफर करने वाले यात्रियों को दोहरा फायदा मिलेगा। उन्हें इस छूट के साथ कॉर्ड से सफर करने पर मिलने वाले 10 फीसदी की छूट पहले की ही तरह जारी रहेगी। यह छूट 15 अगस्त को मेट्रो चालू होने के से लेकर जब तक चलेगी तब तक मिलेगा। वहीं सुरक्षा कारणों के चलते मेट्रो की सभी पार्किंग (दिल्ली-एनसीआर) बंद रहेगी।
किराए में कितनी छूट
- फोटो : अमर उजाला
यह स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले यानि 14 अगस्त की सुबह 6 बजे से लकर 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। मेट्रो अधिकारियों ने कहा है कि यात्री ध्यान दें की वह मेट्रो स्टेशन पर वाहन पार्क करनेे के मकसद से ना पहुंचे।
इस दौरान मेट्रो पार्किंग में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई का काम किया जाएगा। मेट्रो संचालित करने वाली सभी एजेंसियों को इस बारे मेें निर्देश जारी कर दिया गया है।
दूरी (किलोमीटर) किराया 15 अगस्त को किराया
0-2 10 10
2-5 15 10
5-12 20 10
12-21 30 20
21-32 40 30
32 से ऊपर 50 40