निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज मामले की जांच कर रही अपराध शाखा की दूसरी टीम भी कोरोना की चपेट में आ गई है। टीम के एक एसआई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मियों को होम क्वारंटीन किया गया है। चाणक्यपुरी स्थित इनके कार्यालय को सैनिटाइज किया गया है।
तब्लीगी मरकज मामले की जांच अपराध शाखा की कई टीमें कर रही हैं। इससे पहले मरकज मामले के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार की टीम के एसआई समेत पांच पुलिसकर्मी संक्रमित हो गए थे। हालांकि, अभी सभी पुलिसकर्मी ठीक होकर घर चले गए हैं। अब चाणक्यपुरी स्थित इंटर स्टेट सेल के इंस्पेक्टर वीएन झा की टीम भी कोरोना की चपेट में आ गई है। यह टीम विदेशी जमातियों के पासपोर्ट व ट्रेवल एजेंटों से पूछताछ कर रही थी।
हर रोज मरकज से जुड़े किसी न किसी व्यक्ति को पूछताछ के लिए चाणक्यपुरी स्थित अपराध शाखा के कार्यालय में बुलाया जाता था। इनकी टीम के एसआई को कुछ दिन पहले बुखार आया था। शनिवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।