कालिंदी कुंज इलाके में शुक्रवार को एक युवक ने अपनी मंगेतर की मां पर फोन झपटने का आरोप लगाया है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला को पकड़ा और उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पूछताछ में महिला ने युवक पर बेटी के फोटोग्राफ्स के जरिए उसे धमकाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उन फोटोग्राफ्स को डिलीट करने के लिए फोन लिया था न कि झपटमारी की थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि 21 अगस्त को मदनपुर खादर निवासी आलोक ने अपने फोन की झपटमारी की शिकायत की थी। मौके पर पुलिस पहुंची को आलोक ने बताया कि उसकी मंगेतर की मां उषा ने उसे अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने पर उषा ने उसका मोबाइल झपट लिया।
पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर उषा को पकड़ लिया और उसके कब्जे से आलोक का फोन बरामद किया। उषा ने बताया कि उसकी बेटी की शादी आलोक से तय हुई थी, लेकिन कुछ विवाद की वजह से शादी टूट गई।
आलोक के फोन में उसकी बेटी के फोटोग्राफ्स थे, जिसके जरिए आलोक उन्हें धमका रहा था। उसने फोटो को डिलीट करने के लिए उससे फोन लिया था न कि उससे झपटमारी की थी। शिकायतकर्ता ने भी उषा की बातों में हामी भरी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।