चारू खुराना जिन्होंने लंबी लड़ाई लड़ के महिला मेकअप आर्टिस्ट को बॉलीवुड में काम मिलने की मंजूरी दिलवाई थी, दोबारा सुप्रीम कोर्ट पहुंची हैं। गौरतलब है कि सुप्रीम के निर्देश के बावजूद आज तक चारू को बॉलीवुड में काम नहीं मिला है।
बता दें कि पिछले नवंबर को दिल्ली की चारू खुराना ने सुप्रीम कोर्ट में सिने कॉस्ट्यूम और मेकअप आर्टिस्ट एसोसिएशन से लंबे समय से चल रहे अपने केस को जीत लिया था।
एसोसिएशन की रूल बुक के अनुसार बॉलीवुड में केवल पुरूष मेकअप आर्टिस्ट काम कर सकते हैं जो प्रदेश में पांच साल तक रह चुके हों। कोर्ट ने एसोसिएशन के इसी नियम को खारिज करते हुए कोर्ट ने महिलाओं को भी काम करने के निर्देश दिए थे। लेकिन दिल्ली की चारू को आजतक काम नहीं मिला है।
बॉलीवुड करता है लड़कियों से भेदभाव
इस मामले में चारू ने बताया कि नवंबर में कोर्ट का फैसला आने के बाद भी एसोसिएशन उन्हें मेकअप आर्टिस्ट और हेयर ड्रेसर के तौर पर नहीं रख रहा था। उनका कहना था कि एक सदस्य की दो तरीके की सदस्यता कैसे हो सकती है।
यहां मुख्य बात थी वो एक लड़की हैं। वो चारू के सामने मेकअप आर्टिस्ट या हेयर ड्रेसर दोनों में से एक काम करने का प्रस्ताव रख रहे थे। चारू के अनुसार ये ऐसे लोग हैं जो महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देख सकते।
जब चारू मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में सदस्यता लेने पहुंची तो उन लोगों ने उन्हें पूरे दिन बिठाए रखा। चारू ने पुलिस में भी शिकायत की पर किसी ने उनकी मदद नहीं की। इसी कारण से उन्हें दोबारा सुप्रीम कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने एसोसिएशन को फटकार लगाते हुए पूछा कि 'क्या आप तिहाड़ जाना चाहते हैं?' कोर्ट ने एसोसिएशन आदेश दिया है कि अगर वह कोर्ट के फैसले को नहीं मानती है तो ये कोर्ट की अवमानना मानी जाएगी।
5 हजार की जगह लेते हैं 1 लाख
चारू ने ये भी बताया कि एसोसिएशन सदस्यता देने के लिए 1 लाख रुपए ले रही है। जो लोग काम करने को लेकर ज्यादा ही आतुर हैं वो इस रकम का इंतजाम कैसे भी करके कर रहे हैं।
जबकि वास्तव में एसोसिएशन की लाइफ टाइम मेंबरशिप की फीस कानून के अनुसार मात्र 5 हजार रुपए हैं। और एसोसिएशन लोगों से 1 लाख की मोटी रकम ऐंठ रहा है।
उनका कहना है कि उन्होंने एसोसिएशन का मेंबर बनने के लिए 12 साल से आवेदन दिया हुआ है। तब से ही इसकी फीस 5000 है और मैंने 1 लाख रुपए देने से मना कर दिया तो मुझे सदस्यता नहीं मिली। हालांकि कोर्ट के आदेश के बाद चारू को उम्मीद है कि उन्हें सदस्यता मिल जाएगी।