वहीं दिल्ली में शातिपूर्वक चुनाव कराने के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने दिनभर कमान संभाले रखी। पूरे दिन वह किसी न किसी इलाके के मतदान केंद्र पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर जोन-1 रवींद्र यादव के अलावा कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सीपी ने न सिर्फ लोगों से बातचीत की बल्कि अपने स्टाफ को मुस्तैद रहने की हिदायत दी। लोकसभा चुनावों को देखते हुए पूरी दिल्ली पुलिस फोर्स के अलावा अर्द्धसैनिक बलों के अलावा अलग-अलग राज्यों के 62 हजार जवानों को सुरक्षा के लिए लगाया गया था। ड्रोन से निगरानी करने के अलावा दिल्ली पुलिस ने इस बार मतदान केंद्रों के पास भी बैरिकेडिंग की। पुलिस ने वाहनों के साथ मतदाताओं को मतदान केंद्र के पास नहीं जाने दिया।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर कुल 162 प्रत्याशी मैदान में हैं। करीब 1.52 करोड़ मतदातों के लिए चुनाव आयोग की ओर से दिल्ली में 2627 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव आयोग के आदेश पर यहां शांतिपूर्वक मतदान करने की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की थी। इसको ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस के करीब 80 हजार जवानों के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों के 62 हजार जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया था। इनमें सीआरपीएफ के अलावा, एसएसबी, मेघालय आर्म्स फोर्स, मध्य प्रदेश, मिजोरम, बंगाल और नंगालैंड आर्म्स फोर्स के जवानों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था।
खासकर दिल्ली के अतिसंवेदनशील एरिया इनमें उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पूर्वा दिल्ली, शाहदरा, दक्षिण पूर्व, बाहरी दिल्ली के अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के खास इंतजाम रहे। चुनाव आयोग के दिशा निर्देश सुरक्षा बलों व पुलिस ने किसी भी मतदाता को मतदान केंद्र में मोबाइल व कोई भी इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दिन शाम तक दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष को 147 पीसीआर कॉल प्राप्त हुईं। इसमें ज्यादातर में कहीं मतदान धीमा होने के लिए की गई तो कहीं ईवीएम में खराबी के लिए की गई थीं। खबर मिलने के बाद चुनाव आयोग ने चंद ही मिनटों में इनको निपटा दिया।
दिल्ली में 55.16 फीसदी मतदान
चांदनी चौक- 54.79 फीसदी
पूर्वी दिल्ली- 54.79 फीसदी
नई दिल्ली- 51.98 फीसदी
उत्तर पूर्वी दिल्ली- 59.09 फीसदी
उत्तर पश्चिम दिल्ली- 53.81 फीसदी
दक्षिणी दिल्ली- 53.26 फीसदी
पश्चिम दिल्ली- 56.85 फीसदी