लॉक डाउन के दौरान भी रोहिणी जिले में काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार बदमाश झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पेट्रोलिंग के दौरान नॉर्थ रोहिणी जिले के सिपाही ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने अपनी बाइक से सिपाही को 15-20 मीटर तक घसीट दिया। बदमाश बाइक समेत गिरा तो उसने पिस्टल निकालकर गोली चलाने का प्रयास किया। लेकिन जांबाज सिपाही ने उसे काबू कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सुरेंदर उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक, पिस्टल, दो कारतूस व लूटी गई सोने की पांच चेन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले भी लूटपाट और झपटमारी के आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
रोहिणी जिले के अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से काले रंग की पल्सर बाइक सवार बदमाश इलाके में झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। सीसीटीवी कैंमरों से मिली फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपी की तलाश थी। इस बीच मंगलवार को नॉर्थ रोहिणी थाने में तैनात एएसआई सुरेंद्र, हवलदार मोहित व सिपाही संदीप इलाके में पेट्रोलिंग पर थे। संदीप पैदल ही आउटर रिंग रोड के पास सर्विस लेन के नजदीक पेट्रोलिंग कर रहा था।
इस बीच संदीप ने दीपाली चौक की ओर से मधुबन की ओर जाते हुए काले रंग की पल्सर बाइक को आते हुए देखा। संदिग्ध लगने पर संदीप ने बाइक रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने बजाए बाइक रोकने के उसकी रफ्तार को बढ़ा दिया। संदीप ने पीछे से बाइक को पकड़ लिया। आरोपी ने संदीप को बाइक से दूर तक घसीटा। बाद में बाइक गिर गई। नीचे गिरते ही आरोपी ने पिस्टल निकाल ली।
जांबाज संदीप बिना डरे आरोपी बदमाश पर टूट पड़ा। उसने इस बीच एएसआई सुरेंदर और हवलदार मोहित भी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर आरोपी काबू किया। आरोपी के पास से बरामद हुई बाइक पर नकली नंबर प्लेट लगी हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि हाल ही में उसने झपटमारी की तीन वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल सोने की पांच चेन बरामद की। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।