आम आदमी पार्टी न सिर्फ सरकार बल्कि बजट में भी आम जनता को शामिल करना चाहती है। एलजी नजीब जंग के बजट भाषण पर चर्चा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि सरकार दिल्ली की जनता से पूछ कर ही बजट बनाएगी और इसके बाद ही उसे सदन में पेश किया जाएगा।
साथ ही दिल्ली में बिजली समस्या के समाधान पर सरकार केजरीवाल ने कहा कि सरकार जल्दी ही इस मामले पर वाइट पेपर लाएगी। अधिकारी जनता के समस्याओं के समाधान में ज्यादा कारगर भूमिका निभा सकें इसके लिए भी केजरीवाल ने एक रणनीति बना रखी है।
सदन में केजरीवाल ने कहा कि अधिकारी की नियुक्ति से पहले सरकार उनसे एक प्लान मांगेगी और उसके आधार पर ही उनकी नियुक्ति की जाएगी।
हालांकि इस दौरान दिल्ली पुलिस को राज्य सरकार के नियंत्रण में लाने और दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की बात भी अरविंद केजरीवाल ने दोहराई और कहा कि इसके लिए जल्द ही केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।