दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब से बड़ी मात्रा में नगदी आ सकती है। उम्मीद है कि इसे लेकर दिल्ली पुलिस आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर छापेमारी करेगी। दरअसल, पूर्वी दिल्ली से पूर्व सांसद और दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए नई दिल्ली से कांग्रेस के प्रस्तावित उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने एलजी को शिकायत दी है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि पंजाब सरकार विभिन्न स्थानों से दिल्ली में नकदी (करोड़ों में) स्थानांतरित कर रही है। उन्होंने मांग रखी कि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के डीजीपी को राज्य सरकार पंजाब से निजी कारों के बारे में सतर्क रहने के लिए आगाह करे। एलजी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए माना कि दिल्ली विधानसभा के चुनाव जल्द ही होने की संभावना है। चुनाव में दिल्ली के मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस तरह के अवैध धन का उपयोग हो सकता है।
एलजी ने दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सतर्क रहने का निर्देश दिया है। एलजी ने आदेश दिया कि पुलिस आयुक्त सीमा पर ऐसे वाहनों की जांच करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के डीजीपी को भी इस बारे में जागरूक करें। उन्होंने मुख्य सचिव को इस मामले के बारे में विस्तार से मुख्य निर्वाचन कार्यालय, दिल्ली के संज्ञान में लाएं। आने वाले दिनों में इस मामले में सतर्कता बरती जा सके।