दूध की डेयरी चलता है महिला का दोस्त
पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ खजूरी इलाके में रहती थी। आरोपी भी इसी क्षेत्र में डेविड स्कूल के पास दूध की डेयरी चलाता है। वह शादीशुदा है और उसका बेटा परिवार के साथ हरियाणा में रहता है। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को आरोपी ने महिला को फोन किया और तोहफा देने की बात कहकर अपने घर बुलाया। इसके बाद महिला वापस नहीं लौटी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
सुबह सड़क किनारे मिला शव, कैमरों में दिखी आरोपी की भूमिका
शुक्रवार सुबह निगम की सड़क पर ट्रांसफार्मर के पास महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अहम कड़ी बनी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला को बुलाने वाले बुजुर्ग की पहचान की और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
अचानक बिगड़ी तबीयत या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि महिला को अस्थमा की बीमारी थी। गुरुवार रात दोनों के बीच शारीरिक संबंध बनाने के दौरान महिला को अचानक अस्थमा का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। आरोपी का कहना है कि घटना के बाद वह घबरा गया था। पकड़े जाने के डर से उसने शव को सड़क किनारे छोड़ दिया।
पुलिस को पोस्टमार्टम का इंतजार
हालांकि आरोपी के इस दावे की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौत के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।