राघव चड्ढा के कार्यालय में तोड़फोड़
- फोटो : ANI
दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने दावा किया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की है। इसकी के साथ झंडेवालान स्थित बोर्ड मुख्यालय में स्टाफ सदस्यों पर भी हमला किया। उधर, भाजपा ने राघव के इन आरोपों को नकार दिया है।
राघव चड्ढा के कार्यालय में हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ये बेहद शर्मनाक है ,भाजपा समझ ले कि आम आदमी पार्टी और मेरी सरकार पूरी तरह से अंतिम सांस तक किसानों के साथ है। इस तरह के कायरना हमलों से हम नहीं डरते। मेरी सभी कार्यकर्ताओं से अपील है कि भाजपा के इस तरह के हमलों से उत्तेजित ना हों, संयम बरतें और पूरी तरह से किसानों का साथ दें।
वहीं दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक हमले का एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया कि भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं की अगुआई में राघव चड्ढा पर हमला। देखिए किसान आंदोलन को समर्थन देने पर बदला लेने पहुंचे भाजपा नेताओं को।
आप नेता संजय सिंह ने भी हमले पर प्रतिक्रिया दी है उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता किसान आंदोलन के साथ था, है और आगे भी रहेगा। भाजपाईयों के आतंकी हमलों से न हम रुकेंगे न झुकेंगे।
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि जल बोर्ड कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।