प्रदेश भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन जाकर हिंसा में घायल हुए आठ पुलिसकर्मियों का कुशलक्षेम जाना। प्रतिनिधिमंडल डीसीपी से कानून व्यवस्था को लेकर मुलाकात भी की। मुलाकात के बाद भाजपा नेताओं ने बताया कि डीसीपी ने आश्वासन दिया कि हिंसा में शामिल आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
गुप्ता ने कहा कि जिस मोहम्मद अंसार ने भीड़ में फायरिंग किया था, वह आम आदमी पार्टी के विधायक का करीबी है और उनके इशारे पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहता है। जो लोग तिरंगे का अपमान कर पथराव करा सकते हैं वही लोग हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस पर पथराव कर सकते हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी ने भाजपा के इस आरोप पर पलटवार करते हुए आदेश गुप्ता और भाजपा पर निशाना साधा है। आप विधायक आतिशी ने कहा, भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर हमला करने वाले लफंगों को सम्मानित कर देश भर में ये संदेश दे दिया कि वो गुंडों और लफंगों के साथ है। जहांगीरपुरी की घटना की भी जांच होगी तो पता चलेगा कि दंगे करने वाले भाजपा के ही लोग हैं।
आतिशी ने ये भी कहा कि, भाजपा दंगे करवाती है। कल हमारे नेताओं ने भी शोभा यात्रा निकाली थी, पूरा माहौल शांतिपूर्ण था। मुख्यमंत्री जी खुद सुंदर कांड के आयोजन में शामिल हुए, कोई समस्या नहीं आई। लेकिन जब भाजपा शोभा यात्रा निकालती है, उनके लोग शामिल होते हैं तो दंगे हो जाते हैं।