हरियाणा का धारूहेड़ा अक्तूबर में देश का सबसे प्रदूषित शहर
रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा का धारूहेड़ा अक्तूबर में देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां औसत पीएम2.5 स्तर 123 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ। यहां 77 प्रतिशत दिनों में वायु गुणवत्ता राष्ट्रीय स्वच्छ वायु मानक से ऊपर रही, जबकि दो दिन 'गंभीर' और नौ दिन 'बहुत खराब' श्रेणी में रहे।
यूपी-हरियाणा के चार-चार शहर सूची में
धारूहेड़ा के बाद सबसे प्रदूषित शहरों में रोहतक, गाजियाबाद, नोएडा, बल्लभगढ़ और उसके बाद दिल्ली का स्थान रहा। शीर्ष 10 प्रदूषित शहरों की सूची में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के चार-चार शहर शामिल हैं, जो सभी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
दिल्ली में स्थानीय उत्सर्जन प्रमुख कारण
अध्ययन में यह भी सामने आया कि पराली जलाने से दिल्ली के पीएम2.5 स्तर में केवल छह प्रतिशत से भी कम योगदान रहा। इसके बावजूद प्रदूषण में तेज बढ़ोतरी इस बात की ओर संकेत करती है कि सालभर चलने वाले स्थानीय प्रदूषण स्रोत अधिक जिम्मेदार हैं और केवल मौसमी उपायों जैसे ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) से समस्या का समाधान संभव नहीं है।
देश के स्वच्छ शहरों में शिलांग शीर्ष पर
अध्ययन के अनुसार, मेघालय की राजधानी शिलांग अक्तूबर में सबसे स्वच्छ शहर रही, जहां पीएम2.5 का औसत स्तर 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ। शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों में कर्नाटक के चार, तमिलनाडु के तीन और सिक्किम व छत्तीसगढ़ के एक-एक शहर शामिल रहे।