यूरोपीय शहरों की तर्ज पर दिल्ली की 540 किलोमीटर लंबी सड़कों को साल 2023 तक खूबसूरत बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस प्रोजेक्ट की समय-समय पर खुद समीक्षा कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसी शहर की तरक्की का आकलन वहां की सुंदर व सुव्यवस्थित सड़कों से किया जा सकता है। इसलिए मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट को लेकर मंगलवार को एक बार फिर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और इस प्रोजेक्ट में तेजी लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में री-डिजाइन की जा रहीं करीब 35 किलोमीटर लंबी सड़कों के सौदर्यीकरण का कार्य इस साल के अंत तक पूरा करने का निर्देश दिया। अन्य सड़कों के सौदर्यीकरण कार्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया। मगलवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित बैठक में पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन और विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने शाम को दौरा कर रिंग रोड पर श्रीनिवासपुरी में हो रहे री-डिजाइन का जायजा लिया। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रीडिजाइन के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
री-डिजाइन सड़कों पर यह प्रमुख सुविधाएं होंगी
- रिक्शा के लिए पार्किंग
- पार्किंग के लिए स्थान चिंहित
- ग्रीन बेल्ट
- पब्लिक ओपन स्पेश
- साइकिल लेन
- पैदल पाथ लेन
- सड़क की दीवारों पर विभिन्न तरह की डिजाइन का डिस्प्ले होगा।
- सड़क के बगल में पार्क होगा तो उसे दीवार से ढका नहीं जाएगा, ताकि सड़क से पार्क की खूबसूरती दिखे।