करोलबाग इलाके में इन दिनों नकली पुलिसकर्मीं लगातार ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार को ज्वेलरी कारीगर से 12.50 लाख रुपये के जेवरात ठगने के बाद अब बुधवार को एक पार्सल डिलीवर करने वाले युवक से बदमाशों ने पुलिस की ही वर्दी में लाखों रुपये के हीरे का एक पार्सल उड़ा लिया।
आरोपियों ने इलाके में हुई एक हत्या की जांच करने की बात कह कर पीड़ित युवक को रोका। बाद में उसके बैग से सूरत से आया एक पार्सल उड़ा लिया। पार्सल में लाखों रुपये के हीरे बताए जा रहे हैं। पार्सल में कितने के हीरे थे, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित राजेंद्र शर्मा (33) ने बताया कि वह परिवार के साथ पहाड़गंज इलाके में रहता है। वह एक पार्सल पहुंचाने वाली कंपनी में नौकरी करता है। कंपनी का दफ्तर करोलबाग और पहाड़गंज में है। बुधवार को पहाड़गंज वाले दफ्तर में सूरत से एक हीरा कारोबरी पार्सल करोलबाग के कोहिनूर प्लाजा ज्वेलर के यहां डिलीवर करने के लिए भेजा था। पार्सल में लाखों रुपये के हीरे थे। दोपहर करीब एक बजे राजेंद्र पार्सल लेकर दफ्तर से निकला।
इसी दौरान अजमल खां रोड पर पहुंचने पर दो बाइकों पर चार युवक वहां मौजूद थे। दो लड़कों ने पुलिस की वर्दी भी पहनी हुई थी। आरोपी ने कहा कि उसे साहब बुला रहे हैं। राजेंद्र को खाकी वर्दी पहने लड़कों के पास ले जाया गया। राजेंद्र को बुलाकर आरोपियों ने उसके बैग की तलाशी ली। काफी देर तलाशी लेने के बाद आरोपी ने उसका बैग बंद कर वापस कर दिया। राजेंद्र ने कुछ दूर जाकर बैग चेक किया तो उसके बैग से हीरे वाला पार्सल नहीं था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।