हिंदू राव अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ की हड़ताल
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली नगर निगम के तहत आने वाला हिंदू राव अस्पताल आज से कोविड अस्पताल बनने वाला था लेकिन इससे पहले ही यहां के पैरामेडिकल स्टाफ ने हड़ताल कर दी है। पैरामेडिकल कर्मियों की मांग है कि बीते चार महीने से जो वेतन उन्हें नहीं दिया जा रहा, उसे तुरंत दिया जाए।
वेतन की मांग को लेकर हुई ये हड़ताल कोरोना की लड़ाई को कमजोर कर सकती है। बता दें कि बीते दिनों अस्पताल के डॉक्टरों ने भी वेतन न मिलने के कारण नौकरी छोड़ने की बात कही थी। बाद में यह विवाद कोर्ट भी पहुंचा था जिसके बाद अदालत ने निगम को आदेश दिया था कि जल्द से जल्द डॉक्टरों का वेतन उन्हें दिया जाए।
जिसके बाद निगम ने डॉक्टरों की दो माह की सैलरी जारी की थी। हालांकि उस दौरान भी करीब 50 डॉक्टरों का कहना था कि उनकी मार्च की सैलरी नहीं आई है। हालांकि अब पैरामेडिकल स्टाफ की इस हड़ताल के बाद निगम की ओर से कोई बयान नहीं आया है।