रेखा गुप्ता, भाजपा मेयर प्रत्याशी
- फोटो : फाइल फोटो
एमसीडी के मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। आखिरी दिन वार्ड-45 शालीमार बाग-बी से भाजपा पार्षद रेखा गुप्ता ने मेयर और वार्ड-88 रामनगर से पार्षद कमल बागरी ने डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन के पर्चे भरे।
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी की वार्ड-171 चितरंजन पार्क से पार्षद आशु ठाकुर ने मेयर और वार्ड-55 शालीमार बाग-ए से पार्षद जलज कुमार ने डिप्टी मेयर के लिए पर्चा भरा। आप पार्टी से मेयर-डिप्टी मेयर पद के लिए सोमवार को ही दो पार्षदों ने पर्चे भरे थे, लेकिन एमसीडी में पहली बार देखने को मिला कि किसी पार्टी के दो-दो पार्षदों की ओर से मेयर-डिप्टी मेयर पद के लिए पर्चा भरा गया है।
इधर, भाजपा की ओर से स्टैंडिंग कमेटी सदस्य पद के लिए वार्ड-35 मुंडका से निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल पार्षद गजेंद्र सिंह दराल, वार्ड-120 द्वारका-बी से पार्षद कमलजीत सहरावत और वार्ड-216 झिलमिल से पार्षद पंकज लूथरा ने पर्चा भरा।