दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने प्रदेश में स्वास्थ्य और अस्पतालों की समस्याओं को लेकर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कई दिनों से डॉक्टरों के वेतन को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम से अपील है कि कस्तूरबा गांधी और हिंदूराव अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन जारी करें।
अगर एमसीडी से अस्पताल नहीं चल पा रहे हैं, तो उन्हें दिल्ली सरकार को सौंप दें। उन्होंने कहा कि हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों को जल्द ही दिल्ली सरकार के अस्पतालों में स्थानांतरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की हड़ताल के कारण दिल्ली सरकार ने हिंदू राव अस्पताल से सभी कोरोना मरीजों को सरकारी अस्तालों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदू राव अस्पताल में बीते कई दिनों से वेतन की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया था। डॉक्टरों ने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से कहा था कि अगर अगले 48 घंटे में उनका वेतन जारी नहीं किया गया तो वह कोविड वार्ड से भी अपनी सेवाएं हटा लेंगे।
बीते चार महीने से हिंदूराव अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों को वेतन नहीं मिल रहा है। इसी को लेकर स्वास्थ्यकर्मी कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते बुधवार को डॉक्टरों ने प्रतीकात्मक अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा भी कर दी थी। कोविड वार्ड में ड्यूटी न देने वाले डॉक्टर अस्पताल के बाहर मुख्य गेट पर प्रदर्शन में हिस्सा लेते रहे थे।