आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी का कहना है कि दिल्ली को अभी तक युवाओं के लिए वैक्सीन की डोज नहीं मिली हैं। मंगलवार को उन्होंने बताया कि पिछले एक दिन में 56,559 लोगों को वैक्सीन दी गई जिनमें 36,512 पहली और 20,047 लोगों को दूसरी डोज दी गई। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं ने कोवाक्सिन की पहली डोज ली थी उन्हें 28 दिन का वक्त पूरा हो गया है। ऐसे में इन लोगों को दूसरी डोज कैसे उपलब्ध कराई जाए?
उन्होंने यहां तक कहा कि राजधानी में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है, युवाओं को काम के चलते घर से बाहर निकलना पड़ेगा, ऐसे में उम्मीद है कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज को सुनकर जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराएगी। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने बताया पिछले 8-9 दिनों से किसी भी सरकारी केंद्र पर युवाओं का टीकाकरण नहीं हो रहा है।
जिन युवाओं ने मई की शुरुआत में वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी उनको दूसरी डोज लगने का समय हो गया है। लेकिन अभी भी दिल्ली के युवाओं के लिए वैक्सीन नहीं आई है। केंद्र सरकार के मुताबिक युवाओं के लिए डोज 10 जून को मिलेंगी। युवाओं के लिए 10 दिन बहुत दूर हैं। अब राजधानी में 54,09,352 लोगों को वैक्सीन दिया है जिनमें 41,85,000 ने पहली और 12,24,330 लोगों ने दूसरी डोज ली है। निजी अस्पातलों में काफी महंगे दामों पर टीकाकरण हो रहा है। उन्होंने अपील की है कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के ज्यादा से ज्यादा लोग जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाएंगे। उन्होंने ये भी बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के लिए 4,43,750 डोज फिलहाल उपलब्ध हैं जिनमें कोवाक्सिन की 43,510 और कोविशील्ड की 3,96,000 डोज हैं।