-परिसर में बढ़ाई जाएगी हरियाली, रास्तों और खुले गलियारों में बेहतर रोशनी की होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी के प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र दिल्ली हाट आईएनए अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आकर्षक होगा। इसके विकास के लिए मेकमायट्रिप फाउंडेशन के साथ दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह केंद्र करीब तीन दशकों से यह हाट कश्मीर से कन्याकुमारी तक के शिल्पकारों को एक मंच प्रदान करता रहा है, जहां वे अपने उत्पाद सीधे लोगों तक पहुंचाते हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में परिवार, छात्र, पर्यटक और कला प्रेमी पहुंचते हैं और भारतीय हस्तशिल्प की विविधता का अनुभव करते हैं।
साझेदारी के तहत परिसर में हरियाली को बढ़ाया जाएगा और रखरखाव को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे वातावरण और आकर्षक हो सके। रास्तों और खुले गलियारों में बेहतर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि शाम के समय सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही शौचालयों की सफाई और रखरखाव को भी उन्नत किया जाएगा, जिससे आगंतुकों को अधिक आरामदायक अनुभव मिल सके। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली हाट शहर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सरकार इसे कारीगरों और आगंतुकों दोनों के लिए और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ-साथ रात के पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डिटीडीसी के प्रबंध निदेशक सुनील अंचिपाका ने कहा कि दिल्ली हाट लंबे समय से एक लोकप्रिय शाम का केंद्र रहा है और नाइट टूरिज्म के विस्तार के साथ इसकी गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखना जरूरी है। वहीं राजेश मागो ने कहा कि यह पहल जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।