मीटिंग के बहाने बुलाकर जिम ट्रेनरों ने साफ्टवेयर कंपनी के मालिक मोहित सक्सेना का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने कारोबारी को ब्रेजा कार में बंधक बना लिया और उसे दिल्ली में करीब साढ़े पांच घंटे घुमाते रहे। बाद में आरोपी कारोबारी को अरविंदो मार्ग पर फेंक कर भाग गए। जिम ट्रेनरों ने कारोबारी के साथ कार में जमकर मारपीट कर हाथ तोड़ दिया और करीब डेढ़ लाख रुपये जबरन निकलवा लिए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। किशनगढ़ थाना पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए तीन जिम ट्रेनरों हृदेश कुमार(26), मो. अजीज उर्फ अज्जी(27) और आर. विजय (22) को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से कारोबारी से लूटे गए एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार होनचोस इन्फो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक व पश्चिम विहार निवासी मोहित सक्सेना (35) ने दिल्ली पुलिस को अपने साथ हुई लूटपाट की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके अकाउंटेंट सुबीर मंडल ने हृदेश मार नाम के एक व्यक्ति के साथ एक व्यावसायिक बैठक तय की। कारोबारी अपनी बीएमडब्ल्यू कार से अकाउंटेंट के साथ जब कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया पहुंचे, तो हृदेश तीन अन्य व्यक्तियों के साथ कारोबारी की कार में बैठ गया।
कार में बैठते ही हृदेश कुमार व उसके साथियों ने कारोबारी को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उनकी सोने की चेन ले ली और बैंक खाते से 1,50,000 रुपये निकालने के लिए मजबूर किया। इसके बार आरोपी कारोबारी को अरविंदो मार्ग पर फेंक कर चले गए। मामला दर्जकर एसीपी रणबीर सिंह की देखरेख में किशनगढ़ थानाध्यक्ष शंभू नाथ, एटीओ इंस्पेक्टर अमित चौधरी, एसआई. धर्मेंद्र, हवलदार योगेश कुमार व योगेश शर्मा की टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व स्थानीय मुखबिरी से पुलिस टीम ने वार्ड नं- 3, महरौली निवासी हृदेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ के बाद अभियुक्त मो. अजीज उर्फ अज्जी पुत्र मो. रामजन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तीसरे आरोपी आर. विजय पुत्र आर. रमेश को गिरफ्तार कर लिया। कारोबारी को लूटने की साजिश इनके दोस्त बबली ने रची थी।
कारोबारी के बारे में ऐसे पता लगा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अकाउंटेंट किशनगढ़ में रहता है। वह जिम व पार्क में लोगों को कहता था कि उसे कालिंग करने वाले लड़कों की जरूरत है। ये बात सुनकर आरोपियों ने कारोबारी को बुलाकर लूटपाट की साजिश रच ली। हृदेश पेशे से जिम ट्रेनर है और पैसों के लालच में उसने अपने साथियों के साथ साजिश रचकर अपराध को अंजाम दिया।