दिल्ली सरकार ने दिल्ली को रेड जोन से निकालने की कवायद शुरू कर दी है। राजधानी को नए सिरे से रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटने की तैयारी की जा रही है। अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों के आधार पर सभी 11 जिलों में तीन जोन की पहचान होनी है।
जोन का दायरा वार्ड या कंटेनमेंट जोन की सीमा रेखा से तय किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे पहले लॉकडाउन-4 के लिए जारी दिशा-निर्देशों में केंद्र सरकार जोन तय करने का अधिकार राज्यों को दिया हुआ है।
हालांकि, इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के पैरामीटर पर काम करना है। दूसरी तरफ लॉकडाउन-3 में केंद्र सरकार के मानकों पर पूरी दिल्ली को रेड जोन में डाला था।
नए दिशा-निर्देशों के तहत दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों के आधार पर दिल्ली को नए सिरे से तीन जोन में बांटने का काम शुरू कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि जोन का तय करने का काम या तो वार्ड स्तर पर होगा या फिर कंटेनमेंट जोन के हिसाब से।
संक्रमण के मामलों के आधार पर तय रेड जोन के चारों ओर का नियत इलाका ऑरेंज जोन में होगा, जहां संक्रमण के मामले नहीं हैं उसे ग्रीन जोन में डाल दिया जाएगा। इससे दिल्ली के सभी 11 जिले रेड जोन से बाहर निकल जाएंगे। इससे दिल्लीवालों की जिंदगी पटरी पर आने लगेगी।