दिल्ली सरकार ने पुराने होम गार्ड की सेवाएं दो साल के लिए बढ़ा दी हैं तो 7239 नए होम गार्ड की भर्ती का फैसला किया है। दिल्ली सरकार के नए फैसले से अब होम गार्ड की सेवा का कार्यकाल सात साल की बजाय 9 साल होगा।
अभी हाल में 2200 होम गार्ड के उन कर्मियों को फायदा मिलेगा जिनकी सेवाएं फरवरी-मार्च, 2016 में समाप्त हो रही है। वहीं, नई भर्ती को युवाओं के नए रोजगार सृजन से जोड़कर देखा जा रहा है।
गृहमंत्री सत्येंद्र जैन की तरफ से होम गार्ड निदेशालय के उस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है, जिसमें कार्यकाल सात साल से नौ साल किया जाना शामिल था। इसका फायदा भविष्य में 10,285 कर्मियों को होगा।
क्योंकि एक बार कोई होम गार्ड में भर्ती होगा तो वह अपनी सेवाएं 9 साल दे सकेगा। दिल्ली सरकार का तर्क है कि दो साल का कार्यकाल बढ़ाने का फायदा जनता को मिलेगा।
अनुभवी होम गार्ड कर्मी को अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी जिससे अच्छी सेवा दे सकेंगे। होम गार्ड निदेशालय जो नई भर्ती करेगा उसके लिए आवेदन पत्र जल्द आमंत्रित किए जाएंगे।