मिंटो ब्रिज के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जिंदगी खोने वाले मृतक कुंदन कुमार के परिवार को दिल्ली सरकार 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बारिश से मिंटो ब्रिज 8-10 फीट पानी भर गया था। इसमें डीटीसी बस, ऑटो और मिनी टेंपो पानी में फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने डीटीसी बस चालक, कंडक्टर और ऑटो चालक को तो बचा लिया, लेकिन मिनी टेंपो चालक की डूबने से मौत हो गई थी। गनीमत यह रही कि बस में कोई सवारी मौजूद नहीं थी।
पुलिस के अनुसार गांव नौटस, पिथौरागढ़, उत्तराखंड निवासी कुंदन कुमार (56) दिल्ली में रहकर अपने ताऊ के बेटे प्रीतम सिंह का मिनी टेंपो चलाता था। वह शंकर मार्केट में टैक्सी स्टैंड के पास रहता था और सीआरपीएफ की कैंटीन से जवानों के लिए खाना पहुंचाता था।
सुबह कुंदन टेंपो में सीएनजी गैस डलवाने मिंटो रोड इलाके में आया था। यहां से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर से कनॉट प्लेस जाते समय हादसे का शिकार हो गया था। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सुबह 7:54 बजे सूचना मिलने पर उनकी टीम मिंटो ब्रिज पहुंची थी। ब्रिज के नीचे डीटीसी बस, एक ऑटो व एक मिनी टेंपो फंसा था।
ब्रिज के नीचे इतना पानी था कि बस की छत और थोड़ा हिस्सा ही दिख रहा था। दमकल कर्मियों ने ब्रिज के पास से बस की छत पर सीढ़ी लगाकर फंसे हुए लोगों को बचाया, लेकिन टेंपो में कोई दिखाई नहीं दिया था।
इधर कुछ ही देर बाद ब्रिज के ऊपर काम कर रहे रेलवे कर्मचारी ने पानी में एक शव देखा। वह फौरन नीचे कूदा और शव को बाहर निकाल लिया। शिनाख्त कुंदन के रूप में हुई।