कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार ने वॉर रूम तैयार करने का निर्णय लिया है। वार रूम से पूरे शहर पर निगाह रखी जाएगी। सातों दिन 24 घंटे वॉर रूम से निगरानी के साथ ही अधिकारियों को प्रभावी ढंग से वायरस के खिलाफ जंग से निपटने के उपाय सुझाए जाएंगे।
दिल्ली सरकार के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कोविड-19 वॉर रूम दिल्ली सचिवालय में स्थापित किया जाएगा। 25 विशेषज्ञों की टीम इसे संचालित करेगी।
मरीजों की जांच, अस्पताल में बिस्तर की संख्या, चिकित्सा उपकरण, एंबुलेंस, दवा की सुविधा समेत बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा, जहां भी कमियां होंगी उसे लेकर अधिकारी ठीक करेंगे। भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा करने में यह वॉर रूम मददगार साबित होगा।
अगर किसी चिकित्सा केंद्र में मेडिकल उपकरण, एंबुलेंस समेत अन्य कमियों की जानकारी मिलेगी तो तुरंत अस्पताल प्रशासन व अधिकारियों को सूचित किया जाएगा। जिला प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बैठाया जा सकेगा।