तेज होगा दिल्ली पुलिस का अभियान
जहां एक तरफ लोगों को राहत देने के लिए फुल टाइम कर्फ्यू से दूर रहने का निर्णय किया गया है, वहीं कोरोना संक्रमण बढ़ने से रोकने के लिए नियमों का पालन कराने पर जोर देने की रणनीति बनाई गई है। इस दौरान मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाये रखने, सार्वजनकि जगहों पर न थूकने जैसे नियमों का कठोरता के साथ पालन कराया जायेगा। दिल्ली पुलिस इसके बाद मास्क न पहनने जैसे मामलों में चालान में तेजी ला सकती है।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार पांच अप्रैल को भी 1465 लोगों का मास्क न पहनने के कारण और पांच लोगों का सामाजिक दूरी न बनाये रखने के मामले में चालान किया है। अब इन मामलों में तेजी लाई जाएगी।
यहां पर अभी से असर दिखना शुरू
महाराष्ट्र में लॉकडाउन जैसी संभावना देख श्रमिकों ने एक बार फिर पलायन करना शुरू कर दिया है। राजधानी में पूर्ण लॉकडाउन पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन इसके बाद भी यहां कुछ क्षेत्रों में असर दिखना शुरू हो गया है। बाजारों में एक बार जो भीड़भाड़ निकलनी शुरू हुई थी, वह अब कम होती दिख रही है। तेज संक्रमण के कारण मॉल, बाज़ार और अन्य सार्वजनिक जगहों से लोगों ने दूरी बनानी शुरू कर दी है।
व्यापारियों में चिंता
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रवक्ता राजेन्द्र कपूर ने कहा कि पिछले वर्ष के लॉकडाउन के नुकसान से उद्योग मुश्किल से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब दोबारा लॉकडाउन होने से उद्योग की कमर टूट जाएगी। नाइट कर्फ्यू के दौरान भी ट्रकों की आवाजाही सामान्य बनाये रखने के उचित प्रबंध नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के अगले कदम को लेकर अभी से व्यापारियों में चिंता है।