दिल्ली सरकार ने भारत में फ्रांसीसी दूतावास के सहयोग से अपने स्कूलों के बच्चों को फ्रेंच भाषा सिखाने के लिए एलायंस फ्रांसेस के साथ एमओयू साइन किया है। इसी के तहत बच्चों को पेरिस भेजा गया है। पेरिस पढ़ने के लिए गए इन बच्चों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों के 30 बच्चे फ्रेंच भाषा का एडवांस कोर्स करने के लिए आज पेरिस में हैं। उन्होंने लिखा कि किसी ने सोचा नहीं था कि सरकारी स्कूल का बच्चा भी विदेश जाकर पढ़ाई करेगा। यह किसी सपने से कम नहीं है।
इन बच्चों ने सोचा भी नहीं होगा कि वे छोटी आयु में विदेश पढ़ने जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली के हर बच्चे को वे सब मौका दे रहे हैं जो अब तक अमीर परिवारों के बच्चों को मिलते थे। हम शिक्षा की इस क्रांति को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे। इस कोर्स के अलावा वहां ये बच्चे एफिल टॉवर और डिज्नीलैंड जैसी जगहों का दौरा भी करेंगे।