दिल्ली में बर्ड फ्लू की आहट से सनसनी मच गई है। राजधानी के अलग-अलग इलाको में इसकी वजह से अब तक 17 पक्षियों के मरने की खबर है।
बीते कुछ महीनों से जिस तरह डेंगू और चिकनगुनिया की वजह से दिल्ली की जनता त्रस्त रही और सरकार की किरकिरी हुई उसके बाद सरकार ने बर्ड फ्लू से लड़ने के लिए अभी से कमर कस ली है।
आज दिल्ली सरकार की ओर से प्रेसवार्ता करते हुए मंत्री गोपाल राय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया जिसपर फोन कर कोई भी पक्षियों के मौत की खबर दे सकता है। गोपाल राय ने कहा कि अगर किसी को भी किसी पक्षी की आकस्मिक मौत के बारे में पता चले तो हेल्पलाइन नंबर 23890318 पर कॉल करके जानकारी दे सकता है।
इंसानों को नहीं है इसका खतरा
delhi zoo
बता दें कि बुधवार को पक्षियों की मौत पर दिल्ली चिडिय़ाघर का दौरा करने के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने इंसानों में किसी भी खतरे से इंकार किया था।
हालांकि उन्होंने माना कि दिल्ली में कुल दस पक्षियों की मौत हुई उसमें कुछ भी एच5 एवियन इफ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) का लक्षण मिले है। मगर फिलहाल इंसानों में इसका खतरा नहीं है। सरकार अलर्ट है। दिल्ली में सभी संभावित इलाके जहां से बर्ड फ्लू फैलने का खतरा है वहां टीमें तैनात कर दी गई है।
गोपाल राय ने बुधवार को दिल्ली चिडिय़ाघर का पशु पालन विभाग के अधिकारियों संग दौरा किया। उसके बाद दिल्ली सचिवालय में प्रेस कॉंफ्रेंस कर मौजूदा स्थिति और तैयारियों की जानकारी दी।
गोपाल राय ने कहा कि पिछले छह दिनों में कुल 10 पक्षियों की मौत हुई है। इसमें प्रवासी पक्षी शामिल है। इसमें दो अलग-अलग लैब परीक्षण के बाद कुछ पक्षियों में बर्ड फ्लू का लक्षण मिला है। उन्होंने प्रवासी पक्षियों को ही इसका कारण बताया है।
गोपाल राय ने कहा कि सरकार को इसकी सूचना मिलने के बाद ही पशुपालन विभाग के साथ एक बैठक की है। बैठक में तय किया गया है दिल्ली चिडिय़ाघर अगले कुछ दिनों तक बंद रहेगा। आगे की स्थिति देखने के बाद इसे खोलने का फैसला लिया जाएगा।
चिडिय़ाघर में काम करने वाले अधिकारियों को 200 सुरक्षा उपकरण किट दिए गए है। संभावित इलाकों गाजीपुर मुर्गा मंडी या जहां पक्षी आते है वहां निगरानी के लिए छह रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया है। यह टीमें वहां तैनात रहेगी। मुर्गा मंडी में चूने एवं बेगान स्प्रे से छिड़काव किया जाएगा।
बर्ड फ्लू फैलना का जहां खतरा वहां तैनात रहेगी टीमें...
ओखला पक्षी विहार, निजामुद्दीन पक्षी बाजार, यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क वजीरबाद, नजफगढ़ ड्रेन ककरौला, गाजीपुर मुर्गा मंडी, दिल्ली चिडिय़ाघर। यह छह जगहें है जहां सरकार की कड़ी निगरानी है। इन स्थानों पर प्रवासी पक्षी आने के साथ बर्ड फ्लू फैलने का खतरा ज्यादा है। इसके अलावा एक हेल्पलाइन नंबर 23890318 भी जारी किया है। दिल्लीवालों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई पक्षी या मुर्गा मरा हुआ मिले तो वह इसकी जानकारी सरकार को दे। इसके अलावा इन सभी छह जगहों से पक्षियों का सैंपल लेकर बर्ड फ्लू होने ना होने की पुष्टि भी की जाएगी।
अभी तक कहां-कहां आए हैं इस तरह के मामले:
. चंडीगढ़ में सुकना लेक के कारण फैला।
. केरल में 2014 में।
. पश्चिम बंगाल में 2014 में।
. महाराष्ट्र में 2006 से।
. दिल्ली में अभी तक कभी नहीं हुआ। एक बार अलर्ट जरूर जारी हुआ है।