दिल्ली सरकार का कहना है कि सरकारी व निजी क्षेत्रों में बढ़ी हुई न्यूनतम मजदूरी दरों पर वेतन दिलाने की कोशिश कर रही है। इसी मकसद से उच्च न्यायालय के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में मजदूरों के हक में फैसला आ सकता है।
बसों में मेट्रो कार्ड के इस्तेमाल पर 10 फीसदी की छूट
कबिनेट ने फैसला लिया है कि बसों में मेट्रो कार्ड का इस्तेमाल करने वाले मुसाफिरों को छूट का फायदा दिया जाएगा। मेट्रो की तरह बसों में भी हर ट्रिप पर 10 फीसदी की छूट मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे बसों के मुसाफिरों को काफी सहूलियत होगी। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने बीते 8 जनवरी को डीटीसी की 200 व क्लस्टर की 50 बसों में मेट्रो कार्ड को लागू किया था। 24 अगस्त को इसे सभी बसों में लागू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मेट्रो की तरह बसों में कार्ड का इस्तेमाल करने वालों को छूट नहीं मिलती थी। लेकिन गुरुवार को कैबिनेट के फैसले के बाद यह अड़चन भी दूर हो गई है।