दिल्ली के ऑटो रिक्शा चालकों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली सरकार ने ऑटो किराया बढ़ाने के तहत मीटर अपग्रेड करने के बाद होने वाली सड़क जांच को समाप्त कर दिया है। इतना ही नहीं अब मीटर को अपग्रेड करवाने के लिए भी अधिकतम 400 रुपये वसूले जाएंगे। पहले यह शुल्क करीब हजार रुपये तक वसूला जाता था।
दिल्ली के उपभोक्ता मामले और कानूनी नापतौल विभाग के मंत्री इमरान हुसैन ने बुधवार को इस निर्णय की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए इस कदम से दिल्ली के ऑटो रिक्शा चालकों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश के तहत यह निर्णय लिया गया है।
ऑटो के मीटर को नए किराये के मुताबिक अपग्रेड करवाने के बाद चालकों को रोड टेस्ट भी नहीं देना पड़ेगा। इससे पहले ऑटो के मीटर अपग्रेड होने के बाद साफ्टवेयर के जरिये उसकी जांच की जाती थी। इसके बाद रोड पर टेस्ट के जरिये दोबारा मीटर की जांच की जाती थी। इससे चालकों को काफी परेशान होना पड़ता था लेकिन अब सरकार ने इस नियम में बदलाव कर दिया है।
इसके साथ ही सरकार ने ऑटो का मीटर अपग्रेड करवाने के लिए वसूले जाने वाले शुल्क को भी अधिकतम 400 रुपये करने के लिए निर्धारित करने के निर्देश संबंधित कंपनियों को दिया है।
इस संबंध में दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा कि ऑटो चालक पिछले 4 साल से ऑटो और टैक्सी टेस्ट को समाप्त करने की मांग कर रहे थे।