दिल्ली सरकार ने अपने कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए अतिरिक्त आर्थिक प्रोत्साहन देने का फैसला किया है। अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों को उनके ट्रांसपोर्ट अलाउंस पर 10 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए 16 से 29 जुलाई तक राजधानी के 28 सरकारी कार्यालयों में विशेष शिविर लगाकर कर्मचारियों को कार्ड वितरित किए जाएंगे।
वित्त विभाग के मुताबिक, इस योजना के तहत कर्मचारियों के ट्रांसपोर्ट अलाउंस का 25 फीसदी हिस्सा एनसीएमसी कार्ड में ऑटो क्रेडिट किया जाएगा, जिसकी राशि उनके वेतन से समायोजित होगी। इसके बदले सरकार 10 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन सीधे कर्मचारियों के वेतन खाते में जमा करेगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक कर्मचारियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
एक कार्ड से कई सुविधाएं
एनसीएमसी कार्ड के जरिए कर्मचारी दिल्ली मेट्रो, डीटीसी बसों और रैपिड रेल में एक ही कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। इससे अलग-अलग टिकट या कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी। अभियान को सफल बनाने के लिए 28 विभागों के लेखा अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे डीटीसी अधिकारियों के साथ समन्वय कर कर्मचारियों को कार्ड जारी कराएंगे।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
- दिल्ली सचिवालय (जीएडी)
- शिक्षा निदेशालय (एचक्यू), पुराना सचिवालय, दिल्ली
- शिक्षा निदेशालय (मध्य, नई दिल्ली), लिंक रोड, झंडेवालान
- शिक्षा निदेशालय (पूर्वी), ब्लॉक-डी, आनंद विहार
- शिक्षा निदेशालय (उत्तरी), लखनऊ रोड, तिमारपुर
- शिक्षा निदेशालय (उत्तर-पूर्वी-1), विजय बहल रोड, यमुना विहार
- शिक्षा निदेशालय (उत्तर-पूर्वी-2), दिलशाद गार्डन (जीटीबी अस्पताल के पास)
- शिक्षा निदेशालय (उत्तर-पश्चिम-ए), बीएल ब्लॉक, शालीमार बाग और एफयू ब्लॉक, पीतमपुरा
- शिक्षा निदेशालय (दक्षिणी), सेक्टर-3, आरके पुरम
- शिक्षा निदेशालय (दक्षिण-पूर्वी), डिफेंस कॉलोनी
- शिक्षा निदेशालय (दक्षिण-पश्चिम-ए), सी-4, वसंत विहार
- शिक्षा निदेशालय (दक्षिण-पश्चिम-बी), धरमपुरा, नजफगढ़
- शिक्षा निदेशालय (पश्चिमी-ए), शिवाजी मार्ग, राजौरी गार्डन
- शिक्षा निदेशालय (पश्चिमी-बी), विकासपुरी रोड
- सेंट्रल जेल, जनकपुरी
- लोक नायक अस्पताल, दिल्ली गेट
- जीटीबी अस्पताल, दिलशाद गार्डन
- परिवहन विभाग, अंडर हिल रोड, सिविल लाइंस
- श्रम विभाग, 5, शाम नाथ मार्ग
- चुनाव कार्यालय, कश्मीरी गेट
- व्यापार एवं कर विभाग, आईटीओ
- अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग, विकास भवन-2, सिविल लाइंस
- दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, हरि नगर
- दिल्ली फायर सर्विस, बाराखंभा रोड
- स्वास्थ्य सेवा निदेशालय, कड़कड़डूमा
- बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, रोहिणी
- मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, दिल्ली गेट